*संत की मां भी वंदनीय है : मुनि प्रमाण सागर*
- _सिद्धचक्र महामंडल विधान का तीसरा दिन_
- _जिला जज वर्मा पहुंचे आशीर्वाद लेने_
भोपाल। राजधानी भोपाल में चल रहे नौ दिवसीय भव्य सिद्धचक्र महामंडल विधान के तीसरे दिन हजारों भक्तों ने सामुहिक रूप से अभिषेक पूजन और सिद्धों की आराधना की। इस अवसर पर मुनि प्रमाण सागर जी महाराज ने कहा कि संतों, मुनियों को जन्म देने वाली मां भी वंदनीय होती है। उनका कहना है कि किसी भी मां का बेटा जिस समय घर छोड़कर संत बनता है तब कुछ दिनों के लिए मां की ममता मां को रुलाती है, लेकिन जब संत परोपकार के कार्य करता है तो वहीं मां स्वयं को धन्य और गौरवान्वित महसूस करती है। मुनिश्री ने कहा कि संतों को जन्म देने वाली मां भी वंदनीय होती है। सोमवार को मुनि श्री से आशीर्वाद लेने भोपाल के जिला जज आरके वर्मा भी पहुंचे।
समारोह के सूत्रधार रवीन्द्र जैन पत्रकार ने बताया कि सोमवार सुबह 6.30 बजे से ही श्यामला हिल स्थित टेगौर होस्टल के विशाल प्रांगण में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। प्रतिष्ठाचार्य अभय भैया और अमित भैया ने अनुष्ठान की प्रक्रिया शुरु कराई। भक्तों को प्रतिक्रमण (स्वयं की आलोचना) की विधि सिखाई । उन्होंने विधि पूर्वक सभी 90 मंदिरों में विराजमान भगवान का अभिषेक कराया उसके बाद मुख्य चार मंदिरों में विराजमान भगवान की शांतिधारा कराई। शांतिधारा का वाचन मुनि प्रमाण सागर जी, मुनि प्रसाद सागर जी और मुनि निकलंक सागर जी महाराज ने किया। सभी महाराजों ने पांडाल में स्थित सभी मंदिरों में पहुंचकर जिनेन्द्र भगवान के दर्शन किए। इसके बाद सिद्धों की आराधना का क्रम शुरु हुआ। मुनि प्रमाण सागर जी महाराज ने स्वयं मंच से संस्कृत भाषा में 16 मंत्रों का उच्चारण कर भक्तों से अर्घ छुड़वाए।
*जिला जज पहुंचे*
भोपाल के जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरके वर्मा एवं मजिस्ट्रेट पुष्पक पाठक सोमवार सुबह समारोह स्थल पर पहुंचे। दोनों ने श्रीफल भेंट कर मुनि प्रमाण सागर जी महाराज का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर जिला जज ने अपने लंबे कार्यकाल के अनुभव मुनिश्री से साझा किए। वर्मा ने कहा कि उन्हें पूरी सेवा में देवास में पुत्र की हत्या में मां और उसकी बहन को मृत्युदंड की सजा देते समय अलग तरह की अनुभूति हुई। हमारा समाज किस दिशा में जा रहा है। यह सोचकर मन दुखी होता है। मुनिश्री ने उनसे कहा कि न्याय की कुर्सी पर बैठकर कभी-कभी ऐसे अप्रिय निर्णय लेने पड़ते हैं।
*शाम को शंका समाधान*
मुनिश्री के सानिध्य में सोमवार शाम 5 बजे शंका समाधान का कार्यक्रम रखा गया है। इसका सीधा प्रसारण कई चैनलों पर किया जाएगा। शंका समाधान के बाद सभी 90 मंदिरों में भक्त सामूहिक आरती भी करेंगे।
- *रवीन्द्र जैन पत्रकार*
सूत्रधार आयोजन समिति
9425401800